आशीष सूद गुरुवार को कई विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन, शिलान्यास
नई दिल्ली, 25 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद गुरुवार को रोहिणी स्थित महाराजा अग्रसेन कॉलेज परिसर में कई प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इसमें नव-निर्मित स्टूडेंट फैसिलिटी सेंटर उद्घाटन भी शामिल है।
एक सरकारी बयान के मुताबिक यह आधुनिक केंद्र छात्रों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं से जुड़ी विभिन्न सेवाओं को एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराकर सुविधा, दक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करेगा।
बयान में कहा गया है कि शिक्षा मंत्री इसके बाद इंडियन नॉलेज ट्रेडिशन सेंटर का शिलान्यास करेंगे। यह केंद्र भारत की समृद्ध बौद्धिक, सांस्कृतिक एवं दार्शनिक परंपराओं के अध्ययन एवं शोध को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
तकनीक-सक्षम और आधुनिक शिक्षण वातावरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सूद एक मल्टीमीडिया सेमिनार हॉल तथा पांच अत्याधुनिक स्मार्ट क्लासरूम का भी लोकार्पण करेंगे, जिससे शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया अधिक संवादात्मक, प्रभावी और डिजिटल रूप से उन्नत बनेगी।
कॉलेज परिसर में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार के तहत मंत्री कॉलेज पुस्तकालय में आरएफआईडी आधारित लाइब्रेरी मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ करेंगे। यह सुविधा पुस्तक निर्गमन-प्रत्यावर्तन की प्रक्रिया को सरल, त्वरित और अधिक कुशल बनाएगी। ये सभी पहल दिल्ली सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं, जिसके तहत उच्च शिक्षण संस्थानों को आधुनिक, तकनीक-आधारित और छात्र-हितैषी बनाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव