मंत्री सिरसा ने असोला-भाटी वन्यजीव अभयारण्य का किया दौरा

 


नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने शनिवार को असोला-भाटी वन्यजीव अभयारण्य का दौरा किया और वन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। असोला-भाटी वन्यजीव अभयारण्य 32.71 वर्ग किमी क्षेत्र में फैला हुआ है, यह दक्षिणी दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा राज्य के फरीदाबाद और गुरुग्राम जिलों के उत्तरी भागों में भी स्थित है।

मंत्री सिरसा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि असोला-भाटी वन्यजीव अभयारण्य का शांत माहौल, दूर तक फैली हरियाली और नीले साफ पानी की झील, यह नजारा मन को सुकून से भर देता है। उन्होंने कहा कि हमारे शहर के में इतनी खूबसूरत प्राकृतिक जगह भी मौजूद है, भागदौड़ भरी दिनचर्या में हम भूल जाते हैं। इस दौरान मंत्री कई खूबसूरत पक्षियों और वन्यजीवों को करीब से देखा और उनकी जानकारी ली।

मंत्री सिरसा ने यहां वन विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं और संरक्षण कार्यों की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम इस पूरे क्षेत्र को सुरक्षित और संरक्षित रखने के लिए लगातार मेहनत कर रही है। उनकी कोशिशों की वजह से यह जगह न सिर्फ वन्यजीवों के लिए सुरक्षित है, बल्कि दिल्लीवासियों के लिए भी प्रकृति से जुड़ने का एक सुंदर माध्यम बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव