‘जन कल्याण शिविर’ में विभिन्न योजनाओं का मिल रहा लाभ : सिरसा
नई दिल्ली, 18 जून (हि.स.)। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आज चांद नगर राजौरी गार्डन स्थित गवर्नमेंट सर्वोदय बाल विद्यालय में ‘जन कल्याण शिविर’ का उद्घाटन किया। तीन दिनों (18-20 जून) तक चलने वाले इन शिविरों में लोगों को अनेक सुविधाएं एवं योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा, जनकल्याण और अंत्योदय के मंत्र को आगे बढ़ाते हुए तथा उनकी जनसेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इस जनकल्याण शिविर का उद्घाटन किया गया है। दिल्ली सरकार द्वारा केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नागरिकों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन शिविरों की शुरुआत की गई है।
मंत्री सिरसा ने कहा कि “इन जनकल्याण शिविरों में पिंक कार्ड, राशन कार्ड, आधार कार्ड तथा केंद्र और दिल्ली सरकार की प्रमुख योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यहां लोगों के लिए आयुष्मान कार्ड और स्वास्थ्य कार्ड बेहद कम समय में बनाए जा रहे हैं। साथ ही आय प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि जन कल्याण शिविरों के माध्यम से सरकार स्वयं जनता के द्वार तक पहुंच रही है।
मंत्री ने बताया कि यह शिविर आगामी 3 दिनों तक आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक सरल और सुगम तरीके से पहुंचाना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत और अंत्योदय के संकल्प को साकार करने के लिए दिल्ली सरकार प्रतिबद्ध है। हमारा प्रयास है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंचे। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस जनकल्याण शिविर में आकर अपने राशन कार्ड, आधार कार्ड, पिंक कार्ड और हेल्थ कार्ड जैसी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ लेने के लिए अपना फॉर्म भरें तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव