नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान, महिलाओं में उत्साहः स्थायी समिति अध्यक्ष

 


नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा के नेतृत्व में सोमवार को डॉ. अखिलेश दास गुप्ता इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं एवं महिलाओं ने भाग लिया और उत्साहपूर्वक हस्ताक्षर कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई। परिसर में युवा छात्राओं और महिलाओं ने एकजुट होकर इस अभियान को समर्थन दिया और महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। यह देशभर की करोड़ों महिलाओं की आवाज को सशक्त करेगा और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल के निकट आते हुए जिस प्रकार से महिलाओं और युवाओं का समर्थन बढ़ रहा है, वह इस बात का संकेत है कि देश की महिलाएं अब अपने अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह तैयार हैं और भारत के लोकतांत्रिक भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने अपने विचार भी साझा किए और इस अधिनियम के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। अंत में सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद किया गया और महिला सशक्तिकरण के प्रति सामूहिक संकल्प लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी