‘शीशमहल’ जनता के लिए अगले हफ्ते से खोला जा रहा है : प्रवेश साहिब सिंह
नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के लोक निर्माण एवं जल विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि ‘शीश महल’ को जनता के लिए अगले हफ्ते से खोला जा रहा है। टिकट बुकिंग और रिजर्वेशन जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी।
प्रवेश साहिब सिंह ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पहला दौरा मीडियाकर्मियों के लिए आयोजित किया जाएगा। यह अगले दो-तीन दिनों में होगा और कल आपको इसके बारे में जानकारी मिल जाएगी। हम सबसे पहले देश की मीडिया को शीश महल दिखाएंगे। उन्होंने आम आदमी पार्टी (आआपा) के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला करते हुए कहा कि जिस व्यक्ति ने कभी दावा किया था कि वह न तो कोई कार रखेगा और न ही किसी बंगले में रहेगा, उसने पहले कई बंगलों, सर्वेंट क्वार्टरों और एक गैरेज को तुड़वा दिया और फिर वहां 'शीश महल' बना लिया।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि जनता को ‘शीश महल’ का केवल एक कमरा दिखाया गया था, जिसमें शहीद-ए-आजम भगत सिंह और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की तस्वीरें लगाई गई थीं—वह भी जैसे बस खानापूर्ति के लिए। लोगों को तस्वीरों के जरिए सिर्फ वही एक कमरा दिखाया गया, जबकि किसी को भी परिसर के अंदर जाने की अनुमति नहीं थी।
उन्होंने कहा कि अब लोग खुद देख सकेंगे कि अंदर के हर कमरे में स्मार्ट लाइट्स लगी हैं, जिन्हें रिमोट कंट्रोल से बदला जा सकता है—गुलाबी, नीला, भूरा और काला। वहां करोड़ों रुपये के पर्दे लगाए गए हैं और वियतनामी मार्बल का इस्तेमाल किया गया है। सिंह ने कहा कि जनता अब पूरे परिसर का दौरा करके अपनी आंखों से सब कुछ देखेगी। भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण ‘शीश महल’ अब दिल्ली में आम जनता के लिए खुलने जा रहा है।
सिंह ने दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी से होकर बहने वाली यमुना के 52 किलोमीटर लंबे हिस्से में कहीं भी झाग नहीं है। ओखला बैराज के पास जहां भी ऐसी समस्या आती है, उसे सुलझाने के लिए सरकार उत्तर प्रदेश के साथ बातचीत कर रही है।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने आआपा के उन आरोपों को खारिज कर दिया कि श्रद्धालुओं को छठ पूजा ऐसी जगहों पर मनाने के लिए मजबूर किया गया, जहां नदी में झाग भरा हुआ था। उन्होंने कहा कि छठ बहुत श्रद्धा के साथ मनाया गया और लाखों लोग तैयारियों से बेहद खुश थे। यह देख कर कि भारतीय जनता पार्टी ने पूर्वांचली लोगों का दिल जीत लिया है, 'आआपा' को तकलीफ हो रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव