जन्माष्टमी पर बिरला मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, मोबाइल और खाने का सामान ले जाना प्रतिबंधित

 


नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर 4 सितंबर को लक्ष्मी नारायण मंदिर (बिरला मंदिर) में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नई दिल्ली जिला पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश केवल निर्धारित मंदिर मार्ग से ही दिया जाएगा। मंदिर मार्ग तक पहुंचने के लिए कालीबाड़ी मार्ग या पेशवा रोड का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) लगाए गए हैं। पुलिस ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस और सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करने की अपील की है।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर परिसर में हैंडबैग, ब्रीफकेस, पार्सल, खाने के पैकेट, कैमरा, मोबाइल फोन और अन्य बैटरी से चलने वाले उपकरण लेकर मंदिर न आएं।

मंदिर में प्रवेश से पहले श्रद्धालुओं को जूते-चप्पल उतारने होंगे। इसके लिए मंदिर प्रशासन की ओर से कालीबाड़ी मार्ग के पास और पेशवा रोड पर हिंदू महासभा कार्यालय के बगल में जूते-चप्पल रखने की सुरक्षित व्यवस्था की गई है।

पुलिस के मुताबिक, गीता भवन और वाटिका में प्रवेश केवल मंदिर के मुख्य गेट से दिया जाएगा। परिसर के बाकी सभी प्रवेश द्वार बंद रहेंगे। श्रद्धालुओं के बाहर निकलने के लिए भी अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए गए हैं।

कालीबाड़ी मार्ग की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को वाटिका-गीता भवन एग्जिट लेन (वाटिका ओपनिंग) से बाहर निकलना होगा। वहीं पेशवा रोड की तरफ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए गीता भवन की ओर स्थित गेट नंबर-3 को केवल निकास के लिए खोला जाएगा। इस गेट से अंदर आने की अनुमति नहीं होगी।

श्रद्धालुओं की भीड़ और पैदल आवाजाही को सुरक्षित बनाए रखने के लिए मंदिर मार्ग के कुछ हिस्सों में वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। पुलिस के अनुसार पंचकुइयां रोड के राउंडअबाउट, कालीबाड़ी मार्ग के पार्क स्ट्रीट राउंडअबाउट, उद्यान मार्ग और पेशवा रोड के बीच मंदिर मार्ग पर किसी भी वाहन को चलने की अनुमति नहीं होगी।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के मुख्य गेट के पास असिस्टेंस बूथ बनाया गया है। यहां श्रद्धालु किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए संपर्क कर सकेंगे।

नई दिल्ली जिला पुलिस ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने और निर्धारित प्रवेश-निकास मार्ग का इस्तेमाल करने की अपील की है। पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुखद श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी