(लीड) स्कूल और स्कूली बसों में बच्चों के साथ दुर्व्यवहार के दोषियों सख्त कार्रवाई का निर्देश
- मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बस में किशोरी से बलात्कार की घटना पर जताया दुख, दूसरे राज्यों की बसों के जीपीएस को दिल्ली के सिस्टम से जोड़ने की तैयारी
नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्कूल और स्कूली बसों में बच्चों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाओं पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए दोषी स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी घटनाओं में केवल प्रत्यक्ष दोषियों पर ही नहीं, बल्कि लापरवाही बरतने वाले स्कूल प्रबंधन और संबंधित जिम्मेदार लोगों की भी जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल जाने वाले मासूम बच्चों के साथ होने वाला अमानवीय व्यवहार किसी भी सभ्य समाज के लिए बेहद पीड़ादायक है। सरकार ऐसे मामलों में चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाएं। जाफराबाद स्थित एक निजी डे-केयर एवं प्ले स्कूल में तीन वर्षीय बच्चे के साथ कथित शारीरिक एवं यौन दुर्व्यवहार की घटना पर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने संबंधित स्कूल को सील करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है, लेकिन सरकार भी ऐसे गंभीर मामलों पर मूकदर्शक नहीं बनी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पीड़ित बच्चे के परिवार को कानूनी सहायता की आवश्यकता होगी तो दिल्ली सरकार उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने बवाना क्षेत्र में तीन वर्षीय नर्सरी छात्रा के साथ यौन शोषण की घटना पर भी गहरा दुख व्यक्त किया है। इस मामले में स्कूल बस चालक के कथित रूप से शामिल होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बच्चों को लाने-ले जाने वाले बस स्टाफ की समुचित जांच और निगरानी हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी स्कूली बस के स्टाफ की संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि स्कूलों, डे-केयर केंद्रों और स्कूली परिवहन व्यवस्था में बच्चों की सुरक्षा के लिए तय जिम्मेदारियों का पूरी तरह पालन हो और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली-एनसीआर में उत्तर प्रदेश की 16 वर्षीय किशोरी के साथ चलती बस में बलात्कार की घटना पर भी गहरा दुख व्यक्त किया है। घटना में बस चालक और परिचालक की भूमिका पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं पूरे सभ्य समाज को झकझोर देती हैं। दिल्ली सरकार इस विषय पर पड़ोसी राज्यों की सरकारों से भी बातचीत करेगी ताकि दिल्ली आने-जाने वाली बसों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर काम किया जाएगा, जिसके तहत दूसरे राज्यों से दिल्ली में प्रवेश करने वाली बसों का जीपीएस सिस्टम दिल्ली के संबंधित विभाग के सिस्टम से जुड़ा हो। इससे बस की लोकेशन सहित आवश्यक जानकारी पर निगरानी रखी जा सकेगी और किसी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव