स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने किया मुकुंदपुर वार्ड का दौरा, विकास कार्यों की समीक्षा की
नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बुधवार को मुकुंदपुर वार्ड का दौरा कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और परियोजनाओं का निरीक्षण किया।
सत्या शर्मा ने सूरत विहार क्षेत्र में स्थित लगभग 33 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस भूमि का उपयोग क्षेत्रवासियों के हित में करते हुए इसे विकास की एक नई पहचान के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस भूमि पर सामुदायिक भवन, पार्क, श्मशान घाट, गौशाला, आरोग्य मंदिर सहित विभिन्न जनहितकारी सुविधाएं विकसित करने की योजना बनाई जा रही है, जिससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इस दौरान उन्होंने स्थानीय पार्षद गुलाब सिंह राठौड़ के साथ क्षेत्र के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा भी की गई।
स्थायी समिति अध्यक्ष ने निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी छोटी-बड़ी नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वच्छता बनी रहे और जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।
सत्या शर्मा ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को नई गति मिली है और विभिन्न क्षेत्रों में नई परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुकुंदपुर क्षेत्र में भी जल्द ही नई विकास परियोजनाओं का कार्य प्रारंभ होगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग करें तथा सूखा और गीला कचरा अलग-अलग कर निर्धारित स्थानों पर ही डालें, ताकि स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सके।
स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि निगम का उद्देश्य जनसुविधाओं को बेहतर बनाना और क्षेत्रीय विकास को गति देना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान उनके साथ स्थानीय पार्षद गुलाब सिंह राठौड़, क्षेत्रीय उपायुक्त शशि प्रताप सिंह तथा एमसीडी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी