सौरभ भारद्वाज ने बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर साधा निशाना
नई दिल्ली, 13 जून (हि.स.)। दिल्ली में बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर आम आदमी पार्टी (आआपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने शनिवार को केंद्र और दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई जरूरी सेवाओं के महंगे होने से राजधानी में मध्यम वर्ग के लिए रहना मुश्किल होता जा रहा है।
सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (डीईआरसी) द्वारा सरचार्ज की ज्यादा सीमा को मंजूरी दिए जाने पर कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल, कुकिंग गैस और हर चीज के दाम बढ़ा दिए हैं। तो दिल्ली सरकार ने भी राजधानी में बिजली के दाम बढ़ा दिए। उन्होंने कहा कि आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है।
भारद्वाज ने कहा कि अब दिल्ली में मिडिल क्लास के लिए रहना मुश्किल होता जा रहा है। इसे नौकरीपेशा परिवार काफी प्रभावित हो रहा है। स्कूल की फीस लगभग दोगुनी हो रही है, बिजली के दाम बढ़ा दिए गए हैं और आवास जैसे बुनियादी मुद्दे लगातार चिंता का विषय बनती जा रही है। ऐसे हालात में कोई दिल्ली में कैसे रह सकता है?
दिल्ली में बिजली की बढ़ी किमतों पर सरकार की आलोचना करते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार के आने से पहले ही अरविंद केजरीवाल ने कह दिया था कि सरकार बनते ही बिजली के दाम बढ़ाएंगे, मोहल्ला क्लीनिक बंद करेंगे, स्कूलों की हालत पुरानी कर देंगे, अस्पतालों के अंदर मुफ्त दवाइयां और जांच बंद कर देंगे। उन्होंने कहा कि जैसा केजरीवाल ने कहा था सरकार सारें काम वैसे ही कर रही है, जिसे की जनता को काफी दिक्कतो का सामना करना पड़ रहा है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सरकार को जनता को राहत देने के लिए कार्य करना चाहिए, न की आम जनता के जेब पर आर्थिक बोझ डालना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी