स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने की समीक्षा बैठक, जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा
नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने मंगलवार को निगमायुक्त संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्तों तथा सभी जोन के उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निगम के विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
करुणामूलक आधार पर नियुक्ति एवं कर्मचारियों के नियमितीकरण, वायु प्रदूषण पर नियंत्रण, खतरनाक और जर्जर इमारतों के संबंध में कार्रवाई तथा उस्मानपुर एमसीडी स्टाफ क्वार्टर के पुनर्विकास से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल रहे।
बैठक के दौरान सत्या शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगम में अनुकंपा नियुक्तियों की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि पात्र आश्रितों को अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े। उन्होंने ऐसे आधार पर नियुक्त कर्मचारियों के नियमितीकरण से संबंधित मामलों का भी प्राथमिकता के साथ निपटारा करने के निर्देश दिए। इस प्रक्रिया की प्रगति की निगरानी के लिए प्रत्येक माह में समीक्षा बैठक आयोजित की जाए, जिससे लंबित मामलों की स्थिति की नियमित समीक्षा हो सके और आवश्यक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित की जा सके।
वायु प्रदूषण के मुद्दे पर चिंता व्यक्त करते हुए स्थायी समिति अध्यक्ष ने सभी जोन के उपायुक्तों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख प्रदूषण हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी रखें। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा मलबे को समय पर हटाया जाए, ताकि धूल से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने सभी जोन में डीप क्लीनिंग अभियान को और तेज करने तथा निर्माण गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और नियमानुसार चालान किए जाएं।
बैठक में खतरनाक एवं जर्जर इमारतों की पहचान और उनके संबंध में आवश्यक कार्रवाई के मुद्दे पर भी चर्चा की गई। शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी इमारतों का नियमित निरीक्षण किया जाए और जहां भी सुरक्षा संबंधी खतरा पाया जाए, वहां नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।
इसके अतिरिक्त उस्मानपुर एमसीडी स्टाफ क्वार्टर के पुनर्विकास से जुड़े मुद्दे पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंनेे संबंधित अधिकारियों से पुनर्विकास कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सत्या शर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निगम के विभिन्न विभागों के कार्यों की नियमित समीक्षा होनी चाहिए, ताकि एमसीडी की सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाया जा सके।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी