स्थायी समिति की बैठक में हंगामा, सत्या शर्मा ने आआपा पार्षदों की भूमिका पर उठाए सवाल
नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने सोमवार को आयोजित स्थायी समिति की बैठक में आम आदमी पार्टी (आआपा) के पार्षदों के किए हंगामे की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान जिस प्रकार से व्यवधान उत्पन्न किया गया, वह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और संस्थागत कार्यप्रणाली के प्रति अनादर को भी दर्शाता है।
स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि आआपा के पार्षदों का यह रवैया नया नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए भी उन्होंने निगम के कार्यों को सुचारु रूप से संचालित नहीं होने दिया और अब विपक्ष में आने के बाद भी वही प्रवृत्ति जारी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का आचरण जनहित के कार्यों में बाधा उत्पन्न करता है और नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं को प्रभावित करता है।
सत्या शर्मा ने बताया कि बैठक के दौरान आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने जानबूझकर बेबुनियाद मुद्दे उठाकर हंगामा किया, जिससे बैठक के एजेंडे में शामिल महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा प्रभावित हुई। विशेष रूप से नौ सदस्यों के सेवानिवृत्त होने से संबंधित प्रस्ताव पर कार्रवाई नहीं होने दी गई, जो कि एक आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा था।
उन्होंने कहा कि पार्षदों को शांत करने के लिए लगभग एक घंटे तक लगातार प्रयास किए गए, ताकि बैठक की कार्यवाही सुचारु रूप से आगे बढ़ सके। इसके बावजूद जब स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तब नियमों के अनुसार कार्यवाही को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया। इस दौरान कुछ पार्षद अत्यधिक उग्र हो गए और बैठक का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि स्थिति को और अधिक बिगड़ने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए अंततः बैठक को स्थगित करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अब स्थायी समिति की बैठक मंगलवार दोपहर एक बजे आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर सत्या शर्मा ने कहा कि हम सभी नियमों और अधिनियमों का पालन करते हुए पारदर्शी एवं जवाबदेह तरीके से कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी प्रकार का व्यवधान जनहित के कार्यों को प्रभावित नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों को सर्वोपरि मानते हुए कार्य करती रहेगी और भविष्य में भी निगम के कार्यों को नियमों के अनुरूप सुचारु रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आआपा के पार्षदों को जिम्मेदारी का परिचय देते हुए सकारात्मक सहयोग करना चाहिए, ताकि दिल्ली के नागरिकों के हित में कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी