स्थायी समिति के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दोबारा देने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार : सत्या शर्मा

 




नई दिल्ली, 21 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद भाजपा की वरिष्ठ पार्षद सत्या शर्मा ने उन्हें एक बार फिर इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुने जाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।

नामांकन दाखिल करने के बाद सत्या शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि उनके आगामी कार्यकाल की प्रमुख प्राथमिकता वर्ष 2022 के एमसीडी चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा दिल्ली की जनता से किए गए वादों को पूरा करना होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और सुशासन का जो मॉडल स्थापित हुआ है, उसी भावना के अनुरूप दिल्ली नगर निगम में भी जनहित के कार्यों को गति दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा को एमसीडी की सत्ता संभाले अभी लगभग एक वर्ष ही हुआ है, लेकिन इस अवधि में पार्टी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में किए गए अनेक वादे पूरे कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने घोषणा पत्र से आगे बढ़कर भी कई ऐसे महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जिनका उल्लेख चुनावी घोषणाओं में नहीं किया गया था।

सत्या शर्मा ने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान स्थायी समिति की अध्यक्ष के रूप में बजट प्रस्तुत करते समय उन्होंने आगामी वर्ष के लिए जो घोषणाएं की थीं, उन्हें पूरा करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। बजट में किए गए प्रावधानों को धरातल पर लागू करने और विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जबसे दिल्ली में भाजपा सरकार आयी है तब से भलस्वा ओखला और गाजीपुर में कूड़े के पहाड़ छोटे हुए हैं और इस दिशा में गंभीरता से कार्य किया जा रहा है और इन्हें निर्धारित समय सीमा के अंदर ही खत्म कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, नागरिक सुविधाओं, पार्कों के रखरखाव, सड़कों और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि स्थायी समिति के माध्यम से ऐसे निर्णय लिए जाएं, जिनका सीधा लाभ दिल्ली की जनता को मिले।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार के बीच बेहतर समन्वय का लाभ दिल्ली के नागरिकों को मिल रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार तथा केंद्र सरकार के सहयोग से राजधानी में विकास कार्यों को नई गति मिली है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में दिल्ली नगर निगम को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी