सत्य निकेतन हादसे में पीजी संचालक सुधांशु गिरफ्तार, जांच में सामने आएंगे और तथ्य

 


नई दिल्ली, 09 सितंबर (हि.स.)। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला पीजी इमारत ढहने के मामले में पुलिस ने अब पीजी संचालक सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद से पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है और अब पीजी संचालन की जिम्मेदारी संभालने वाले व्यक्ति की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई।

पुलिस ने बताया कि सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे पूछा जा रहा है कि इस मामले के बारे में उसको कितनी जानकारी थी।

सत्य निकेतन इलाके में रविवार को ‘हॉस्टल डेज’ नाम से संचालित पीजी की पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई थी। हादसे के समय इमारत में छात्र रह रहे थे, जबकि बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर मरम्मत का काम चल रहा था। इमारत के मलबे में कई लोग दब गए थे। राहत और बचाव दल ने कई घंटे तक अभियान चलाकर लोगों को बाहर निकाला था। हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की जानकारी सामने आ चुकी है।

पुलिस की जांच में इमारत की हालत और उसमें चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्य को लेकर कई सवाल उठे हैं। मामले में पुलिस पहले ही संपत्ति मालिकों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। दोनों मालिकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। इसके अलावा मरम्मत का काम कर रहे ठेकेदार संजय उर्फ सानोज को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

अब पीजी संचालक सुधांशु की गिरफ्तारी के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इमारत की कमजोर स्थिति की उसे जानकारी थी या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मरम्मत और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और ऐसी स्थिति में छात्रों को इमारत में रहने की अनुमति किस आधार पर दी गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सुधांशु से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी