मदनपुर खादर में नाले के तेज बहाव में बहा युवक, तलाश जारी
नई दिल्ली, 08 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण पूर्वी जिले के मदनपुर खादर स्थित प्रियंका कैंप नाले में शुक्रवार रात करीब आठ बजे 18 वर्षीय युवक तेज बहाव में बह गया। युवक की पहचान अंकित के रूप में हुई है। वह नोएडा से आली विहार स्थित अपने घर लौट रहा था। नाले के पास अचानक पैर फिसलने से वह पानी में गिर गया। तेज बहाव उसे अपने साथ बहा ले गया। सूचना मिलने पर पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की ईस्ट रेस्क्यू टीम और दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीम ने तलाश शुरू की, लेकिन शनिवार तक युवक का कोई पता नहीं चल सका। रेस्क्यू अभियान जारी है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात 8:31 बजे थाना कालिंदी कुंज में पहली पीसीआर कॉल मिली। इसके बाद रात 8:54 बजे थाना सरिता विहार में भी सूचना मिली। कॉल में बताया गया कि प्रियंका कैंप नाले में एक युवक बह गया है। सूचना मिलते ही एक एसआइ को बीट स्टाफ के साथ मौके पर भेजा गया। मौके पर पुलिस को शिकायतकर्ता मनीष (23) मिला। पूछताछ में मनीष ने बताया कि उसका दोस्त अंकित (18) नोएडा से घर लौट रहा था। प्रियंका कैंप नाले के पास पहुंचने पर अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नाले में गिर गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह बह गया।
पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने डीडीएमए की ईस्ट रेस्क्यू टीम और दिल्ली अग्निशमन सेवा को मौके पर बुलाया। दमकल की मदद से नाले में युवक की तलाश शुरू की गई। टीमों ने नाले के आसपास और पानी के बहाव वाले हिस्सों में काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस के अनुसार, लगातार प्रयास के बावजूद युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। तेज बहाव के बीच रेस्क्यू टीमों की ओर से नाले के आगे के हिस्सों में भी तलाश की जा रही है। पुलिस, डीडीएमए और अग्निशमन विभाग की टीमें युवक को खोजने में जुटी हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी