संस्कृत महोत्सव-2026 : दिल्ली विश्वविद्यालय में आज सजेगा संस्कृत और संस्कृति का भव्य मंच, मंत्री कपिल मिश्रा होंगे मुख्य अतिथि
नई दिल्ली, 30 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय के वन्दे मातरम् सभागार में आज ‘संस्कृत महोत्सव-2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन दिल्ली संस्कृत अकादमी, कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग (दिल्ली सरकार) तथा संस्कृत भारती (देहली प्रान्त) के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है।
कार्यक्रम प्रतिवर्ष मनाए जाने वाले ‘संस्कृत सप्ताह’ के समापन समारोह के रूप में आयोजित किया जा रहा है। संस्कृत भारती द्वारा हर वर्ष संस्कृत सप्ताह मनाया जाता है और इस वर्ष सप्ताहभर चली विभिन्न गतिविधियों के समापन अवसर पर यह महोत्सव संस्कृत भाषा, भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक चेतना के संगम के रूप में आयोजित होगा।
कार्यक्रम कला संकाय स्थित वन्दे मातरम् सभागार में अपराह्न दो बजे से शुरू होगा।
समारोह में दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। संस्कृत भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री जयप्रकाश गौतम मुख्य वक्ता होंगे, जबकि संस्कृत भारती के उत्तर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रो. यशवीर सिंह विशिष्ट अतिथि की भूमिका में रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी करेंगे।
आयोजन के दौरान संस्कृत एवं भारतीय संस्कृति की विविध झलकियों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आयोजकों के अनुसार इस महोत्सव के माध्यम से संस्कृत को केवल एक प्राचीन भाषा के रूप में नहीं, बल्कि भारत की जीवंत ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक चेतना के आधार के रूप में जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ANSHU GUPTA