मुख्यमंत्री ने मेधावी छात्राओं के बीच वितरित की साइकिलें
नई दिल्ली, 31 मई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ‘विकसित मालवीय नगर का संकल्प समारोह’ में मेधावी एवं आर्थिक रूप से जरूरतमंद 15 छात्राओं को साइकिलें वितरित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पक्षियों के लिए वॉटर पोट्स स्थापित कर पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी रखने की अपील की।
श्री अरविंदो मार्ग स्थित एनसीयूआई ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज, मालवीय नगर के विधायक सतीश उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों और जनहितकारी परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
विधायक सतीश उपाध्याय से जुड़ी संस्था उमा निरंजन फाउंडेशन द्वारा शिक्षा को बढ़ावा देने और बालिका सशक्तिकरण के उद्देश्य से मेधावी एवं आर्थिक रूप से जरूरतमंद 15 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। मुख्यमंत्री ने छात्राओं को साइकिलें प्रदान करते हुए कहा कि शिक्षा तक आसान पहुंच प्रत्येक बेटी का अधिकार है और ऐसी पहल छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान मालवीय नगर क्षेत्र में स्पोर्ट्स क्लब्स एवं कल्चरल क्लब्स की स्थापना की घोषणा भी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए खेल, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव