साहित्य अकादमी विश्व पुस्तक मेले में करेगी 18 महत्वपूर्ण आयोजन, भारतीय भाषाओं के लेखक लेंगे भाग
नई दिल्ली, 9 जनवरी (हि.स.)। साहित्य अकादमी इस बार 10 जनवरी, शनिवार से शुरू हो रहे नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले में 18 विशिष्ट कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जिसमें पूरे देश से विभिन्न भारतीय भाषाओं के 50 से ज्यादा लेखक भाग लेंगे।
साहित्य अकादमी की सचिव पल्लवी प्रशांत होलकर ने शुक्रवार को बताया कि ये सभी कार्यक्रम भारत मंडपम् स्थित हाल नं. 2 में प्रतिदिन शाम 4 से 6 बजे के बीच ‘लेखक मंच’ में आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में पुरस्कृत लेखकों से संवाद, बहुभाषी कवि सम्मिलन, युवा साहिती, नारी चेतना, बहुभाषी कहानी पाठ, बाल साहिती और विभिन्न विषयों पर परिचर्चा शामिल हैं।
परिचर्चाओं के विषय हैं- वंदे मातरम्, अनुवाद एवं बाल साहित्य की वर्तमान स्थिति। इन कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रमुख लेखकों में विश्वास पाटील, नासिरा शर्मा, अनामिका, अनुराधा शर्मा पुजारी, रश्मि चौधरी, मोहन सिंह, स्वर्णजीत सवी, प्रकाश एस. पर्येंकार, संपदानंद मिश्र, मुदनाकुड चिन्नस्वामी, शेफालिका वर्मा, शाद रमजान, असद रज़ा, के.पी. रामानुण्णी, कुलदीप सिंह दीप, अरविंद कुमार तिवारी, एल. रामेश्वर सिंह, क्षमा शर्मा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वंदे मातरम् पर आयोजित परिचर्चा की अध्यक्षता साहित्य अकादमी की उपाध्यक्ष कुमुद शर्मा करेंगी और इसमें निर्मलकांति भट्टाचार्जी एवं भाग्येश झा भाग लेंगे।
अन्य कार्यक्रमों भाग लेने वाले लेखकों में वनीता, दिविक रमेश, नेहा बंसल, मनोहर बाथम, हेमंत कुकरेती, रश्मि भारद्वाज, रमेश प्रजापति, हरिसुमन बिष्ट, ए. कृष्णाराव, अवधेश श्रीवास्तव, गगन संधू, मोईद रशीदी, संस्कृति मिश्र, दिनेश चारण, मोहन हिमथाणी, आर. थामोथरन, रवेल सिंह, हरेकृष्ण सतपथी, बसवराज कलगुडी, तारिक़ छतारी, पारमिता सतपथी, ज्ञानप्रकाश विवेक, मीरा द्विवेदी, अंकिता रासुरी, आभा झा, रेशमा जैदी, सूर्यनाथ सिंह, ऋषि राज, ओमप्रकाश कश्यप, त्रिना चक्रवर्ती एवं रजनीकांत शुक्ल हैं।
उल्लेखनीय है कि इस बार पुस्तक मेले में प्रवेश निःशुल्क है और संस्कृति मंत्रालय के अधीन सभी संस्थाओं को एक विशेष मंडप में हाल संख्या 5 में रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 10 से 18 जनवरी तक भारत मंडपम् में आयोजित किया जा रहा है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी