दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को दी श्रद्धांजलि

 


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सोमवार को शहीद दिवस के अवसर पर देश के महान क्रांतिकारियों भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सचदेवा ने सोमवार को दिल्ली भाजपा कार्यालय में आयोजित एक समारोह में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ भारत के इन वीर सपूतों को श्रद्धासुमन अर्पित किया। सचदेवा ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के वे अमर नायक हैं, जिन्होंने अपनी मातृभूमि के लिए हंसते-हंसते प्राण न्यौछावर कर दिए। इन तीनों क्रांतिकारियों ने 'इंकलाब जिंदाबाद' के नारों से ब्रिटिश साम्राज्य की नींव हिला दी थी और 23 मार्च 1931 को लाहौर जेल में उन्हें फांसी दी गई, जिसे आज 'शहीद दिवस' के रूप में मनाते हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उनका बलिदान केवल एक राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि देश के युवाओं के लिए देशभक्ति की एक मशाल थी। आज भी उनका साहस और वैचारिक स्पष्टता करोड़ों भारतीयों को प्रेरित करती है। इन महान सपूतों का बलिदान इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।

इसके अलावा दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक सतीश उपाध्याय ने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ मालवीय नगर स्थित भगत सिंह पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम में भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि अर्पित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी