मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने की एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की प्रगति की समीक्षा

 


नई दिल्ली, 08 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बुधवार को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की अहम समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में प्रमुख डिजिटल इनोवेशन परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में विशेष रूप से आईटी ट्रेनिंग लैब और प्रस्तावित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की प्रगति की समीक्षा की गई। आईटी मंत्री ने दोनों प्रोजेक्ट्स के लागू होने की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इन्हें तय समय-सीमा की भीतर पूरा करना सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि विकास भवन-II में आईटी ट्रेनिंग एआई लैब उद्घाटन के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस लैब की स्थापना सरकारी कर्मचारियों की डिजिटल क्षमताओं को बढ़ाने के मकसद से बनाया गया है, ताकि उन्हें आईटी और ई-गवर्नेंस सिस्टम में की ट्रेनिंग दी जा सके। वर्तमान में कोर्स का कंटेंट और एआई-आधारित लर्निंग एप्लीकेशन अभी तैयार किए जा रहे हैं।

प्रस्तावित एआई सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस का मकसद एआई-आधारित इनोवेशन को बढ़ावा देना, राजधानी दिल्ली के स्टार्टअप इकोसिस्टम को और ज्यादा मजबूत करना, कुशल एआई वर्कफ़ोर्स तैयार करना और विभागों में बेहतर दक्षता और जन-सेवा डिलीवरी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस समाधानों को तेजी से लागू करना है। इस पहल के माध्यम से लगभग 90 से 100 स्टार्टअप्स को सहायता देना, 6000 से 7000 लोगों को प्रशिक्षित करना, 1000 से ज़्यादा रोजगार के अवसर पैदा करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव