छात्र आंदोलन और विपक्षी एकता के आगे शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा : देवेंद्र यादव

 




नई दिल्ली, 25 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव के कहा कि छात्र आंदोलन और विपक्षी एकता के आगे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को आखिर इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को सरकार के आदेश पर पुलिस द्वारा छात्रों के साथ निर्दयता से मारपीट करने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी की छात्र आंदोलन के समर्थन में संसद और सड़क पर उतर कर प्रधानमंत्री निवास पर धरने पर बैठने के बाद ही सरकार को विपक्ष की एकता के सामने झुकना पड़ा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और विपक्ष की एकता ने छात्रों की आवाज को एकजुटता के साथ बुलंद किया।

देवेंद्र यादव ने शनिवार को एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कांग्रेस हमेशा भारत में संविधान की रक्षा और नौजवानों की आवाज बुलंद करने के लिए संसद के अंदर और बाहर मजबूती के साथ खड़ी थी, खड़ी है और हमेशा खड़ी रहेगी।

उन्होंने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी ने भाजपा कार्यकाल में 152 पेपर लीक और नीट परीक्षा के लगातार तीन वर्षों में पेपर लीक होने पर आत्महत्या करने वाले छात्रों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए और उनके अधिकार की लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया और 17 जून को कोटा के दशहरा ग्राउंड में पेपर लीक के खिलाफ शिक्षा व्यवस्था को बदलने, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग रखकर छात्रों का साथ देने का वादा किया। यही नहीं 17 जुलाई को देहरादून में हजारों छात्रों की लड़ाई को खुला समर्थन देकर उन्हें संबोधित किया और कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव