जींद से चली हाइड्रोजन ट्रेन विकसित भारत की गति, संकल्प और सामर्थ्य का प्रतीक हैः रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, 17 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारत की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ पर समस्त हरियाणावासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व, गौरव और आत्मविश्वास का क्षण है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट कर अपने संदेश में कहा कि आज का दिन उनके लिए विशेष भावनात्मक महत्व रखता है, क्योंकि उनका बचपन हरियाणा के जींद में बीता है और उसी धरती से आज भारत के भविष्य की नई यात्रा शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि जींद से चली हाइड्रोजन ट्रेन विकसित भारत की गति, संकल्प और सामर्थ्य का प्रतीक है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत नवाचार, आत्मनिर्भरता और हरित ऊर्जा के नए युग का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ देश के स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मेट्रो विस्तार, इलेक्ट्रिक बसों, ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देकर विकसित भारत के संकल्प को मजबूत कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी