राशिद केबलवाला गैंग के इशारे पर इन्फ्लुएंसर की हत्या की साजिश नाकाम, तीन गिरफ्तार
नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर की हत्या की साजिश को पुलिस ने नाकाम करते हुए दो युवकों और एक नाबालिग को पकड़ा है। पुलिस का दावा है कि तीनों कथित तौर पर राशिद केबलवाला गैंग के इशारे पर इन्फ्लुएंसर पर गोलीबारी करने की तैयारी में थे। आरोपितों के कब्जे से पांच सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान साहिल (20) और साद मलिक (22) के रूप में हुई है, जबकि तीसरा आरोपी नाबालिग है। डीसीपी विनीत कुमार ने बताया कि एडिशनल डीसीपी उत्कर्ष और एसीपी सिद्धार्थ की निगरानी में एसएचओ सुनील के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। टीम में सब इंस्पेक्टर अमित कुमार, सिकंदर, हेड कांस्टेबल सुरेंदर और कांस्टेबल राजेंद्र शामिल थे।
पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर की सुबह करीब 5:10 बजे हजरत निजामुद्दीन थाने की टीम शोलाय वाली गली में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर दो संदिग्ध युवक बचने का प्रयास करने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोककर तलाशी ली तो उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस मिले। आगे की जांच में कुल पांच पिस्टल और 11 कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर राशिद केबलवाला गैंग से जुड़े लोगों के संपर्क में होने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, एक सहयोगी के माध्यम से आरोपियों का गैंग से संपर्क कराया गया था। इसके बाद कथित हैंडलर ने एन्क्रिप्टेड एप के जरिए उनसे संपर्क कर निजामुद्दीन इलाके में रहने वाले एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर पर गोलीबारी करने के निर्देश दिए थे। वारदात को अंजाम देने के बदले उन्हें आर्थिक मदद और अन्य सहायता का आश्वासन दिया गया था।
पुलिस को आरोपितों के मोबाइल फोन की शुरुआती जांच में धमकी भरे वीडियो भी मिले हैं। इनमें कथित तौर पर राशिद केबलवाला और उसके सहयोगियों के प्रति समर्थन जताया गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपितों ने हैंडलर के निर्देश पर ये वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया के माध्यम से भेजे थे। फिलहाल बरामद डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है और मामले में गैंग के अन्य सदस्यों तथा कथित हैंडलर की भूमिका की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी