बीएमयू के दूसरे स्थापना दिवस समारोह में उद्योग जगत और शिक्षा क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया

 


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। हीरो ग्रुप के प्रर्वतकों द्वारा स्थापित बीएमएल मुंजाल विश्वविद्यालय (बीएमयू) के स्थापना दिवस समारोह में उद्योग जगत और शिक्षा क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया।

बीएमएल मुंजाल विश्वविद्यालय ने गुरुवार को जारी एक बयान में बताया कि इसके संस्थापक पद्म भूषण स्वर्गीय डॉ. बृजमोहन लाल मुंजाल की स्मृति में गुरुग्राम स्थित अपने परिसर में वार्षिक उत्सव के दूसरे संस्करण का आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रतिवर्ष विश्वविद्यालय के संस्थापक और हीरो ग्रुप के पूर्व अध्यक्ष स्व. डॉ. बृजमोहन लाल मुंजाल की स्मृति और विरासत को सम्मान देने के लिए किया जाता है।

बीएमयू के मुताबिक बीएमएल मुंजाल विश्वविद्यालय ने स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत एसएएआर–शोकेस ऑफ एक्शन, अचीवमेंट एंड रिफ्लेक्शन (कार्यों, उपलब्धियों और आत्मचिंतन की प्रस्तुति) के दूसरे संस्करण का सफलतापूर्वक आयोजन किया। स्वर्गीय डॉ. बृज मोहन लाल मुंजाल को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में उद्योग जगत, सरकार, शिक्षा, परोपकार और कला के क्षेत्र से जुड़े प्रमुख व्यक्तियों और विचारकों ने भाग लिया।

बयान के मुताबिक एसएएआर- 2026 में बीएमएल मुंजाल विश्वविद्यालय ने उज्ज्वल मुंजाल, प्रबंध निदेशक, रॉकमैन इंडस्ट्रीज एवं उपाध्यक्ष, हीरो इलेक्ट्रॉनिक्स का मुख्य अतिथि के रूप में तथा डॉ. शिवकुमार कल्याणरमन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन (एएनआरएफ) का विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वागत किया।

बीएमयू के मुताबिक एसएएआर- 2026 का एक प्रमुख आकर्षण सारांश रहा, जिसके अंतर्गत “आवागमन के भविष्य की नई परिकल्पना: प्रौद्योगिकी, समावेशन और सामाजिक प्रभाव” विषय पर एक विशेष नेतृत्व परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस बंद-द्वार सत्र में 16 संगठनों और संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और आवागमन से जुड़ी उन चुनौतियों की पहचान की, जिनका समाधान उद्योग जगत और शिक्षण संस्थान मिलकर तलाश सकते हैं।

विश्वविद्यालय ने बताया कि बॉश के सहयोग से तथा एसोचैम की सहभागिता में आयोजित इस परिचर्चा की अध्यक्षता श्री गुरूशरण ढिल्लों, निदेशक, ई-मोबिलिटी, कस्टमाइज्ड एनर्जी सॉल्यूशंस ने की, जबकि इसकी सह-अध्यक्षता डॉ. दविंदर सिंह, उपाध्यक्ष – रणनीति एवं विकास, बीएमएल मुंजाल यूनिवर्सिटी ने की।

मारुति सुजुकी, बॉश, हाईवे रूप प्रिसिजन टेक्नोलॉजी, पीवीएनए ग्रुप (पद्मिनी वीएनए), एसोचैम, रॉकमैन, एथर, स्पार्क मिंडा, सीएसआरबॉक्स, हाइड्रोकार्बन सेक्टर स्किल काउंसिल, संधार टेक्नोलॉजीज, जेबीएम ग्रुप, वेकोमोकॉन टेक्नोलॉजीज और यूनो मिंडा के प्रतिनिधियों ने आवागमन से जुड़ी विशिष्ट चुनौतियां प्रस्तुत कीं।

बयान के मुताबिक इन चुनौतियों पर बीएमयू के संकाय सदस्य और विद्यार्थी शोध एवं संयुक्त परियोजनाओं के माध्यम से काम करेंगे। इन चर्चाओं के आधार पर एसोचैम के सहयोग से एक विस्तृत शोध दस्तावेज भी तैयार किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि बीएमएल मुंजाल यूनिवर्सिटी (बीएमयू) हीरो ग्रुप की एक गैर-लाभकारी पहल है, जिसकी स्थापना संस्थापक अध्यक्ष डॉ. बृज मोहन लाल मुंजाल के नाम पर हरियाणा के गुरुग्राम में की गई थी। यह विश्वविद्यालय इंजीनियरिंग, प्रबंधन, उदार अध्ययन (लिबरल स्टडीज) और कानून जैसे क्षेत्रों में पाठ्यक्रम प्रदान करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर