अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 677 ग्राम ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार
नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान हरियाणा के जींद जिले के पिल्लूखेड़ा निवासी यश बिश्नोई (27) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 656 ग्राम अफीम और 21 ग्राम एमडीएमए बरामद की गई है। बरामद मादक पदार्थों का कुल वजन 677 ग्राम है।
क्राइम ब्रांच की एनआर-दो यूनिट को 25 नवंबर की शाम सूचना और गश्त के दौरान रोहिणी सेक्टर-34 स्थित यूईआर-दो सर्विस रोड पर एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। वह बवाना कैनाल ब्रिज की ओर से बैग लेकर आ रहा था। पुलिस टीम को देखकर वह भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके बैग से अफीम और एमडीएमए बरामद हुई। इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह 2016 से ट्रक चालक का काम कर रहा था। इसी दौरान उसे अफीम सेवन की लत लग गई। 2022 से वह बिहार के मुजफ्फरपुर से अफीम और एमडीएमए खरीदकर हरियाणा के जींद, रोहतक और दिल्ली से सटे सोनीपत के गांवों में सप्लाई करने लगा। पुलिस अब उसके ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, आरोपित का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव