सुभाष नगर में पीएनजी पाइपलाइन में ब्लास्ट के बाद लगी आग, एक व्यक्ति झुलसा

 

नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर इलाके में साेमवार देर रात पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) पाइपलाइन में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्राउंड प्लस तीन मंजिला इमारत इसकी चपेट में आ गई। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दमकल विभाग के अनुसार, साेमवार रात करीब 10:20 बजे सुभाष नगर स्थित मकान नंबर 15/09 में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग चार गाड़ियाें काे मौके पर भेजा। स्टेशन ऑफिसर राजेंद्र और स्टेशन ऑफिसर बद्री प्रसाद के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पीएनजी पाइपलाइन में विस्फोट होने के बाद आग लगी, जिसने कुछ ही देर में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने के कारण इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए। दमकल विभाग ने करीब 11:10 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इसके बाद टीम ने पूरे परिसर की जांच की।

हादसे में विजय कुमार (42) गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों और पीसीआर की मदद से दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टर मोहित की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार विजय कुमार करीब 85 फीसदी तक झुलस गए हैं। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। मामले की जांच राजौरी गार्डन थाना पुलिस कर रही है। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पीएनजी पाइपलाइन में विस्फोट किन कारणों से हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी