‘मन की बात’ कार्यक्रम को मुख्यमंत्री,दिल्ली भाजपा अध्यक्ष समेत पार्टी नेताओं ने 6538 स्थानों पर सुना
नई दिल्ली, 27 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित वरिष्ठ नेताओं ने राजधानी के 6538 स्थानों पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री की मन की बात कार्यक्रम को सुना।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सांसद योगेंद्र चंदोलिया और दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह सहित स्थानीय लोगों के साथ डीडीए ग्राउंड रोहिणी सेक्टर-21 मे मन की बात कार्यक्रम को सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात आज देश की आत्मा की आवाज बन गई है। प्रधानमंत्री हर महीने देशवासियों की छोटी-बड़ी उपलब्धियों और आम नागरिकों की कहानियों को राष्ट्रीय मंच देते हैं। इससे समाज में सकारात्मकता और सेवा भाव बढ़ा है।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आकासा मेन रोड बिजवासन पर स्थानीय आरडब्ल्यूए और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। उनके साथ पार्षद जयवीर राणा और जिला अध्यक्ष रविंद्र सोलंकी और भाजपा नेता रमेश शोखंदा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री आशीष सूद ने जनकपुरी में एवं डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कुंवर सिंह नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात कार्यक्रम सुना। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, सांसद बांसुरी स्वराज जलबोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल और जिलाध्यक्ष रविंद्र चौधरी ने आज वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ नई दिल्ली भाजपा जिला कार्यालय में ‘मन की बात’ के कार्यक्रम को सुना।
इसके अलावा सांसद मनोज तिवारी एवं विधायक अजय महावर ने घोंडा विधानसभा के अंतर्गत यमुना विहार में, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सैनिक फार्म्स में, सांसद कमलजीत सहरावत ने द्वारका में, सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में मन की बात कार्यक्रम सुना। दिल्ली भाजपा महामंत्री मोहन लाल गिहारा ने मादीपुर मंडल और पूर्व अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पश्चिम पटेल नगर में कार्यकर्ताओं के साथ उपस्थित रह कर मन की बात कार्यक्रम सुना।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव