असोला भट्टी वन्यजीव अभयारण्य में चार सौ से ज्यादा छात्रों किया पौधरोपण
नई दिल्ली, 28 जुलाई (हि.स.)। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर दिल्ली सरकार द्वारा असोला भट्टी वन्यजीव अभयारण्य में आयोजित वृक्षारोपण अभियान में दिल्ली के पांच स्कूलों के 430 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने राजधानी के हरित क्षेत्र का विस्तार करने तथा नई पीढ़ी में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पौधरोपण किया।
छात्र-छात्राओं के उत्साहपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली के हरित भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे पर्यावरण संरक्षण के सच्चे दूत हैं और अपने परिवारों तथा समाज को स्वच्छ, हरित एवं विश्वस्तरीय दिल्ली के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से दिल्ली सरकार आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ, हरित एवं पर्यावरणीय रूप से अधिक सशक्त राजधानी के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
यह वृक्षारोपण अभियान दिल्ली सरकार के उस वर्षभर चलने वाले अभियान का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत इस वर्ष पूरी राजधानी में 70 लाख पौधे एवं वृक्ष लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी अभियान एक पेड़ मां के नाम से प्रेरित है, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ माताओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश भी देता है।
सिरसा ने कहा कि इस वर्ष 70 लाख पौधे एवं वृक्ष लगाने का लक्ष्य दिल्ली सरकार की पर्यावरण संरक्षण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है, जिसमें न्यायपालिका, 70 से अधिक देशों के राजनयिक, शैक्षणिक संस्थान, धार्मिक संगठन तथा समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिक उत्साहपूर्वक भागीदारी कर रहे हैं।
इसके अंतर्गत स्थानीय (देशी) प्रजातियों के पौधों को प्राथमिकता दी जा रही है, जो अधिक छाया प्रदान करते हैं, अधिक ऑक्सीजन उत्पन्न करते हैं, कम पानी की आवश्यकता होती है तथा प्रदूषण कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जियो-टैगिंग के माध्यम से वैज्ञानिक निगरानी प्रत्येक पौधे के संरक्षण की जवाबदेही सुनिश्चित करेगी और उसके जीवित रहने की संभावना को और अधिक बढ़ाएगी।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव