दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने व्यक्ति को खुदकुशी करने से रोका

 

नई दिल्ली, 16 जून (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की पीसीआर इकाई में तैनात एक उपनिरीक्षक ने महिपालपुर फ्लाईओवर पर एक व्यक्ति को आत्महत्या करने से रोका। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची, और पाया कि एक व्यक्ति फ्लाईओवर के किनारे खतरनाक तरीके से खड़ा है। उपनिरीक्षक अनिल शर्मा ने उससे बात की और उसका विश्वास जीता। अधिकारी ने बताया कि शर्मा लगातार उससे बात करते रहे और इस दौरान उन्होंने व्यक्ति से फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया। एक अधिकारी ने बताया कि बातचीत के दौरान पीसीआर कर्मचारियों ने व्यक्ति को उसका मोबाइल फोन देकर उसका ध्यान भटकाया तथा अवसर का लाभ उठाते हुए उसे तेजी से किनारे से खींच सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी