प्रवेश वर्मा ने एल.एम. बंध में बाढ़ नियंत्रण कक्ष का किया उद्घाटन, मानसून के लिए व्यवस्थाओं का लिया जायजा
नई दिल्ली, 15 जून (हि.स.)। दिल्ली सरकार में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोमवार को शास्त्री नगर के एल.एम. बंध में बाढ़ नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने आने वाले मॉनसून के लिए तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार का काम मानसून के आने के साथ ही, राजधानी के लोगों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके बाद तैयारियों की व्यापक समीक्षा की गई।
प्रवेश वर्मा ने बताया कि मानसून से पहले कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया है। 2023 में जो स्थिति देखी थी फिर से वैसी स्थिति न हो इसके लिए पीडब्ल्यूडी विभाग और प्रशासन एक-एक व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि सभी एजेंसियों को लगातार सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि एक तैयार शहर ही मुश्किलों का सामना करने में सक्षम होता है और मानसून के दौरान दिल्ली को सुरक्षित रखने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी