मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और सांसद मनोज तिवारी ने देवी बस से किया रोहतास नगर विधानसभा का दौरा

 


नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनोज तिवारी ने मंगलवार को

रोहतास नगर विधानसभा में दौरा किया। इस दौरान दोनों ने देवी बस पर सवार होकर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा और परियोजनाओं का निरीक्षण किया।

मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने देवी बस के अंदर ही पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़कों और पार्किंग में जलभराव की समस्या थी। हम इन समस्याओं पर गौर कर रहे हैं और जल्द ही इसका समाधान निकाल लेंगे। सभी अधिकारी हमारे साथ हैं और सभी कार्यों का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के पास पैसे की कोई कमी नहीं है और प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से विकास योजनाओं के लिए पर्याप्त धनराशि प्राप्त हो रहा है।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने यहां कि सरकार का मुख्य उद्देश्य विकास है। इसके लिए सभी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंत्री स्वयं क्षेत्र का दौरा करके अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दे रहे हैं।

मनोज तिवारी ने कहा कि आपने पिछले 15-20 वर्षों में शायद ही किसी मंत्री को वाहनों के काफिले के बिना इस तरह दौरा करते देखा होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव