दिव्यांग खिलाड़ियों की उपलब्धियां उनके अदम्य साहस व दृढ़ संकल्प का प्रतीक : रविंद्र इंद्राज

 




नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने एशियन पैरा गेम्स में भारतीय पैरा खिलाड़ियों दीप्ति जीवनजी और मनीष नरवाल की शानदार उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों की उपलब्धियां उनके अदम्य साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है।

सिंह ने कहा कि महिलाओं की 400 मीटर टी20 स्पर्धा में दीप्ति जीवनजी द्वारा स्वर्ण पदक तथा पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में मनीष नरवाल द्वारा रजत पदक जीतना देश के लिए गर्व का विषय है। दोनों खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों की उपलब्धियां खेल जगत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समान अवसर, आत्मनिर्भरता और समावेशी समाज की भावना को भी सशक्त बनाती हैं। इन खिलाड़ियों का संघर्ष और उनकी उपलब्धियां लाखों दिव्यांगजनों, युवाओं तथा खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी सफलता हमें दिव्यांगजनों की प्रतिभा को पहचानने, उनका सम्मान करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का संदेश देती है।

सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तीकरण समाज कल्याण के व्यापक उद्देश्यों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की उपलब्धियां यह विश्वास मजबूत करती हैं कि उचित अवसर, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ दिव्यांगजन हर क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना सकते हैं।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव