दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने स्वच्छता अभियान किया श्रमदान
नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बुधवार को दिल्ली के नजफगढ़ स्थित साईं बाबा मंदिर परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लिया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश में सुशासन, विकास, जनसेवा और परिवर्तनकारी नेतृत्व के 12 वर्षों के उत्सव के रूप में आयोजित देशव्यापी अभियान का हिस्सा था। इस दौरान मंत्री के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद कमलजीत सहरावत ने भी स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए श्रमदान किया।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ भारत का विजन प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व की सबसे बड़ी पहचान रहा है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में अपना योगदान दे। स्वस्थ दिल्ली, सशक्त दिल्ली विजन के लिए राजधानी दिल्ली को स्वच्छ रखना जरूरी है। इसके साथ ही बीमारियों की रोकथाम और जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए सामूहिक भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने दिल्ली वासियों से अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता अभियानों को सक्रिय समर्थन देने और विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप एक स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित राजधानी के निर्माण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता लगातार स्वच्छता, नागरिक सहभागिता और बेहतर शहरी सुविधाओं पर बल देती रही हैं। हमारी सरकार जन-जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से इन प्रयासों को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव