हत्या व हत्या के प्रयास की गुत्थी सुलझी, तीन गिरफ्तार

 


नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (हि.स.)। पूर्वी जिले की स्पेशल स्टाफ ने हत्या और हत्या के प्रयास के दो मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू और मृतक समेत दो लूटे गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि दोनों घटनाओं को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया था।

पूर्वी जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अभिषेक धानिया ने शुक्रवार को बताया कि 18 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे गाजीपुर निवासी 28 वर्षीय मोहित शर्मा पर उत्सव ग्राउंड पार्क के पास 4-5 अज्ञात बदमाशों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहित को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार जारी है। इस संबंध में पंडाव नगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

दूसरा मामला: पार्क में युवक की हत्या

वहीं 19 फरवरी की सुबह करीब 8 बजे संजय झील पार्क में एमसीडी शौचालय के पास एक युवक का शव मिला। उसके शरीर पर भी कई चाकू के घाव थे। जांच में मृतक की पहचान 36 वर्षीय लुक्कू चौधरी उर्फ विक्रम के रूप में हुई। वी शशि गार्डन के रहने वाले थे। इस संबंध में भी पंडाव नगर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

अतिरिक्तपुलिसआयुक्त के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी जिले की स्पेशल स्टाफ की टीम गठित की गई। टीम ने उत्सव ग्राउंड से लेकर मेरठ एक्सप्रेसवे तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। 14 घंटे से अधिक की रिकॉर्डिंग का विश्लेषण किया गया। तकनीकी जांच में सामने आया कि मृतक का मोबाइल फोन गायब है। उसकी अंतिम लोकेशन और मूवमेंट पैटर्न से अहम सुराग मिले। इधर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय खुफिया जानकारी को मिलाकर पुलिस ने पाया कि दोनों वारदातों को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है।

पुलिस ने तकनीकी निगरानी के आधार पर त्रिलोकपुरी निवासी 18 वर्षीय साहिल को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर कल्याणपुरी निवासी अंश उर्फ किंग (19) और विपिन (21) को भी दबोच लिया गया।

सुनसान इलाकों में करते थे वारदात

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित शाम और रात के समय सुनसान स्थानों पर अकेले लोगों को निशाना बनाते थे। धारदार हथियार से हमला कर मोबाइल और अन्य सामान लूट लेते थे। पांडव नगर मामले में हमले की बर्बरता के कारण युवक की मौत हो गई। वहीं पुलिस ने आरोपितों के

कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, मृतक लुक्कू चौधरी समेत दो से लूटे गए मोबाइल फोन बरामद किए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी