बदमाशों ने फल व सब्जी कारोबारी के घर पर तोबड़तोड़ गोलियां चलाई, जांच में जुटी पुलिस
नई दिल्ली, 26 फ़रवरी (हि.स.)। शाहदरा जिला के फर्श बाजार इलाके में स्कूटी व बाइक सवार बदमाशों ने बुधवार को फल व सब्जी कारोबारी के घर पर तोबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। बाद में फर्श बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस को घटना स्थल से दो खोखे बरामद हुए। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पड़ताल कर रही है। शुरुआती जांच के बाद आशंका जताई जा रही है कि रंजिश की वजह से कारोबारी के घर पर गोली चलाई गई। आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया कि बुधवार देर रात पुलिस को खबर मिली कि तेजाब मिल के पास एक मकान पर बदमाशों ने गोलियां चलाई हैं। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि रात करीब 1.30 बजे स्कूटी व बाइक पर सवार होकर आए पांच बदमाश ने कारोबारी तालिब (29) के घर पर फायरिंग की। तालिब का मंडी में फल और सब्जी का बड़ा कारोबार है। पुलिस को दिए बयान में तालिब ने बताया है कि कुछ पड़ोसियों से उसकी रंजिश चल रही है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि इस वजह से उसके घर पर फायरिंग हुई। पुलिस ने कुछ आरोपियों की पहचान भी की है। उसके आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव