गांधी नगर में छत से गिरकर युवक की मौत
नई दिल्ली, 13 सितंबर (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर थाना क्षेत्र की नामदेव गली में रविवार तड़के छत से गिरने के बाद 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दीपक के रूप में हुई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक छत से गलती से गिरा या उसे किसी ने धक्का दिया। मामले की जांच के लिए क्राइम और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 5:20 बजे सूचना मिली कि नामदेव गली में सड़क पर एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि युवक छत से गिरा था। उसकी हालत गंभीर थी।
मौके पर क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से पहले युवक की गतिविधियों और उसके साथ मौजूद लोगों के बारे में जानकारी मिल सके।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दीपक खुद छत से गिरा या उसे किसी ने धक्का दिया। दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट करने में मदद मिलेगी।
पुलिस के मुताबिक, दीपक मूल रूप से बिहार के किशनगंज पिपला का रहने वाला था। मामले में आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की सही वजह सामने आएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव