एनएसयूआई ने जंतर-मंतर की ओर किया मार्च, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग
नई दिल्ली, 02 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एमएसयूआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में शुक्रवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने 5 रायसीना रोड स्थित एनएसयूआई मुख्यालय से जंतर-मंतर की ओर मार्च किया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
इस मार्च में हजारों एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर सवाल उठाए तथा मतदाता सूचियों और चुनाव संचालन से जुड़े मुद्दों पर निर्वाचन आयोग से जवाब देने की मांग की।
एनएसयूआई के प्रदर्शनकारी जैसे ही जंतर-मंतर की ओर आगे बढ़े, दिल्ली पुलिस ने एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए जाने से पहले प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए विनोद जाखड़ ने कहा कि आज एनएसयूआई ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा और गिरफ्तारी की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों को हिरासत में ले सकते हैं, लेकिन लोकतंत्र की आवाज को हिरासत में नहीं ले सकते। निर्वाचन आयोग देश की जनता के प्रति जवाबदेह है और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे गंभीर सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
जाखड़ ने कहा कि सरकार और निर्वाचन आयोग सवालों से क्यों डर रहे हैं? अगर चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है, तो जनता के सामने उठ रहे सवालों के जवाब दिए जाएं। छात्रों पर बैरिकेड लगाने और उन्हें हिरासत में लेने के बजाय अधिकारियों को मतदाताओं और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग से जवाबदेही और सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे एवं गिरफ्तारी की मांग को लेकर अभियान जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी