इंडिया गेट पर एनएसयूआई का प्रदर्शन, सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

 


नई दिल्ली, 03 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने शनिवार को इंडिया गेट पर प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग की। संगठन ने चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की।

प्रदर्शन में एनएसयूआई के सदस्यों और छात्र कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर करते हुए प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार की सुरक्षा की मांग की।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रवि हनुमान पांडे ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसकी जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक मतदान के अधिकार की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूचियों को लेकर उठ रहे सवालों पर जनता को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ जवाब मिलना चाहिए।

पांडे ने कहा कि एनएसयूआई मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग करती है तथा चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी चिंताओं की निष्पक्ष जांच की मांग करती है। उन्होंने कहा कि मतदान के अधिकार और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता के मुद्दे पर छात्र और युवा अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

एनएसयूआई ने कहा कि संगठन पारदर्शिता, जवाबदेही और मतदान के अधिकार की सुरक्षा को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगा। चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, ज्ञानेश कुमार वर्तमान में मुख्य चुनाव आयुक्त हैं और उन्होंने 19 फरवरी 2025 को पदभार संभाला था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी