एनएसयूआई ने “संविधान संकल्प सभा” के रूप में आयोजित किया विनोद जाखड़ का शपथ ग्रहण समारोह

 


नई दिल्ली, 28 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के शपथ ग्रहण समारोह को एक “संविधान संकल्प सभा” के रूप में आयोजित किया। जिसमें देशभर से आए हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में भारत के संविधान की रक्षा और छात्र अधिकारों की सुरक्षा का सामूहिक संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एनएसयूआई के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कांग्रेस नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने एक साधारण और संघर्षशील परिवार से आने वाले कार्यकर्ता पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि उन सभी परिश्रमी परिवारों के बेटों और बेटियों का है, जो संघर्ष के माध्यम से आगे बढ़ने का सपना देखते हैं।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल शपथ ग्रहण तक सीमित नहीं है, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने बेरोजगारी, परीक्षा प्रश्नपत्र लीक, शिक्षा के निजीकरण और छात्रसंघ चुनावों की बहाली जैसे मुद्दों पर राष्ट्रव्यापी आंदोलन को तेज करने की घोषणा की।

विनोद जाखड़ ने कहा कि विश्वविद्यालय वैचारिक थोपने के स्थान नहीं हैं। जो शक्तियां शैक्षणिक संस्थानों को नियंत्रित कर लोकतांत्रिक आवाजों को दबाना चाहती हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए कि विद्यार्थी संविधान के साथ दृढ़ता से खड़े हैं।

सभा में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने इसे छात्र आंदोलन के एक नए अध्याय की शुरुआत बताया। उनका कहना था कि देश का युवा संविधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और समान अवसर की रक्षा के लिए एकजुट है।

अपने संबोधन के समापन में विनोद जाखड़ ने कहा कि हम संविधान की रक्षा करेंगे परिसर दर परिसर, राज्य दर राज्य। यह संघर्ष विद्यार्थियों के अधिकारों और राष्ट्र के लोकतांत्रिक भविष्य के लिए है।

इस अवसर पर समारोह में सचिन पायलट, दीपेंद्र हुड्डा, कुमारी शैलजा, संजना जाटव, एनएसयूआई प्रभारी कन्हैया कुमार, एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी, अंशुल त्रिवेदी और नीरज कुंदन सहित कई प्रमुख नेताओं और अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता, छात्र प्रतिनिधि और विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारी उपस्थिति रहे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी