एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने की युवा कांग्रेस नेताओं के गिरफ्तारी की निंदा

 


नई दिल्ली, 02 मार्च (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब तथा आठ अन्य युवा कांग्रेस सदस्यों की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और युवाओं की आवाज पर सीधा हमला बताया।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने सोमवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि उदय भानु चिब और अन्य युवा नेताओं को अपनी आवाज उठाने के कारण गिरफ्तार करना निंदनीय और शर्मनाक कृत्य है। इस मौके पर गुजरात से विधायक जिग्नेश मेवाणी भी उपस्थित रहें।

ईरान की स्थिति पर बोलते हुए विनोद जाखड़ ने ईरान के सर्वोच्च नेता की लक्षित हत्या की कड़ी निंदा की तथा उनके परिवार, ईरान की जनता और विश्वभर के शिया समुदाय के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति सदैव विवादों के शांतिपूर्ण समाधान और संप्रभुता के सम्मान के सिद्धांतों पर आधारित रही है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने भी इसी प्रकार का वक्तव्य जारी कर इन सिद्धांतों का समर्थन किया है।

गिरफ्तारियों पर प्रतिक्रिया देते हुए गुजरात से विधायक जिग्नेश मेवाणी ने कहा कि इस गिरफ्तारी की निंदा करते हैं और इस अन्याय के विरुद्ध संघर्ष जारी रखेंगे। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दोहराया कि वह लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी