डूसू चुनाव के लिए एनएसयूआई ने घोषित किया चार प्रत्याशियों का पैनल
नई दिल्ली, 11 सितंबर (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव 2026-27 के लिए अपने चार प्रत्याशियों के पैनल की घोषणा कर दी है। एनएसयूआई ने अध्यक्ष पद के लिए विजय शंकर मीणा, उपाध्यक्ष पद के लिए वीर छत्रथ, सचिव पद के लिए नम्रता चौधरी और संयुक्त सचिव पद के लिए गोपाल चौधरी को प्रत्याशी बनाया है।
एनएसयूआई के अनुसार उसका पैनल विभिन्न सामाजिक पृष्ठभूमियों और शैक्षणिक अनुभवों से जुड़े छात्र नेताओं को प्रतिनिधित्व देता है। संगठन ने छात्र अधिकार, सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और समावेशी विश्वविद्यालय परिसर को चुनाव में हुई प्रमुख मुद्दा बनाने की बात कही है।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विजय शंकर मीणा मूल रूप से राजस्थान के निवासी हैं। उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है और वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय में बौद्ध अध्ययन विषय से एमए प्रथम वर्ष में अध्ययनरत हैं। संगठन के अनुसार वह छात्र अधिकारों, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं।
उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी वीर छत्रथ दिल्ली के निवासी हैं। उन्होंने स्नातक की पढ़ाई पूरी की है और वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय में बौद्ध अध्ययन विषय से एमए प्रथम वर्ष में अध्ययनरत हैं। एनएसयूआई के अनुसार उनकी छात्र राजनीति, लोकतांत्रिक सहभागिता और छात्र समुदाय से जुड़े मुद्दों में सक्रिय रुचि रही है।
सचिव पद की प्रत्याशी नम्रता चौधरी दिल्ली की निवासी हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के एसपीएम कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है और वर्तमान में बौद्ध अध्ययन विषय से एमए द्वितीय वर्ष में अध्ययनरत हैं। वह छात्र कल्याण, समान अवसर और परिसर में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर काम करती रही हैं।
संयुक्त सचिव पद के प्रत्याशी गोपाल चौधरी मूल रूप से राजस्थान के निवासी हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के सत्यवती कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है और वर्तमान में बौद्ध अध्ययन विषय से एमए प्रथम वर्ष में अध्ययनरत हैं। संगठन के अनुसार वह छात्र मुद्दों और परिसर में बेहतर शैक्षणिक एवं लोकतांत्रिक वातावरण के लिए सक्रिय रहे हैं।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि प्रत्याशियों की घोषणा दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों की वास्तविक समस्याओं के समाधान पर केंद्रित व्यापक अभियान की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई शिक्षा, सुरक्षा, आवास, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों जैसे मुद्दों पर लगातार छात्रों के साथ खड़ा रहा है।
उन्होंने कहा कि संगठन आने वाले कुछ दिनों में अपना विस्तृत घोषणापत्र जारी करेगा। घोषणापत्र में किफायती आवास, बेहतर बुनियादी ढांचा, छात्र सुरक्षा, शैक्षणिक अवसर और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सत्य निकेतन की हालिया घटना का उल्लेख करते हुए जाखड़ ने कहा कि छात्र सुरक्षा और संस्थागत जवाबदेही विश्वविद्यालय समुदाय के सामने गंभीर चिंताएं हैं। एनएसयूआई न्याय के लिए संघर्ष जारी रखेगा और प्रभावित छात्रों तथा उनके परिवारों की आवाज को नजरअंदाज नहीं होने देगा।
आगामी डूसू चुनाव में जीत का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि एनएसयूआई यह चुनाव 4-0 से जीतेगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल चार पदों का चुनाव नहीं है, बल्कि छात्र शक्ति को मजबूत करने, लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व बढ़ाने और यह सुनिश्चित करने का संघर्ष है कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रों के लिए काम करे।
एनएसयूआई ने दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने तथा शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय और छात्र कल्याण को प्राथमिकता देने वाली राजनीति का समर्थन करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी