568 लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, पुलिस ने बरामद किए खोए मोबाइल

 

नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी जिले में पुलिस ने तकनीक के इस्तेमाल से 568 लोगों के खोए और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुंचाया। पुलिस ने यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत की। बरामद मोबाइल फोन में दिसंबर 2021 में चोरी हुआ फोन भी शामिल है, जबकि सबसे हाल में मई 2026 में चोरी हुआ मोबाइल बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया। जिला एडवांस नॉलेज-बेस्ड साइंटिफिक हेल्पडेस्क टीम ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल फोन की तलाश की। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर राम मनोहर मिश्रा ने किया। अभियान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-द्वितीय अरविंद कुमार की निगरानी में चलाया गया। टीम में एसआई विश्व विजय, एएसआई बिजेंद्र, हेड कांस्टेबल नितिन समेत जिले के सभी थानों के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस ने मोबाइल फोन की तलाश में सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल का इस्तेमाल किया। सी-डॉट की ओर से विकसित इस व्यवस्था के जरिए खोए या चोरी हुए मोबाइल के आईएमईआई नंबर को ब्लॉक कराया जा सकता है। इसके बाद फोन में दूसरी सिम डालने पर भी उसका सामान्य इस्तेमाल मोबाइल नेटवर्क पर नहीं हो पाता।

पुलिस के अनुसार, जब चोरी या गुम हुआ मोबाइल दोबारा किसी टेलीकॉम नेटवर्क पर सक्रिय होता है तोसेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टरपोर्टल के जरिए तकनीकी जानकारी मिलती है। इसके आधार पर पुलिस टीम मोबाइल की लोकेशन और इस्तेमाल से जुड़े इनपुट जुटाकर उसे बरामद करने की कोशिश करती है। इस दौरान तकनीकी विश्लेषण के साथ-साथ फील्ड वेरिफिकेशन और टेलीकॉम कंपनियों के साथ समन्वय भी किया गया।

बरामद किए गए 568 मोबाइल फोन संबंधित थानों के एसीपी, एसएचओ और अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। लंबे समय पहले मोबाइल खोने वाले कई लोगों को जब उनका फोन वापस मिला तो उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। लोगों ने दिल्ली पुलिस और उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस का आभार जताया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है किसेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टरपोर्टल जैसी तकनीक ने मोबाइल चोरी और गुम होने के मामलों में संपत्ति की बरामदगी को आसान बनाया है। साथ ही चोरी किए गए मोबाइल को बेचने या इस्तेमाल करने वालों के लिए भी मुश्किलें बढ़ी हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने के साथसेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टरपोर्टल पोर्टल पर उसका आईएमईआई नंबर ब्लॉक कराएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी