नई दिल्ली जिले में 42 मोबाइल बरामद, 30 मालिकों को लौटाए
नई दिल्ली, 15 अगस्त (हि.स.)। नई दिल्ली जिला पुलिस की मोबाइल क्रैक टीमों ने तकनीकी निगरानी और मैदानी स्तर पर जुटाई गई जानकारी की मदद से 10 दिन में 42 खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें से 30 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए हैं। बाकी 12 मोबाइल फोन के मालिकाना हक की पुष्टि और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद इन्हें भी संबंधित मालिकों को सौंप दिया जाएगा।
नई दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने शनिवार को बताया कि एक से 10 अगस्त के बीच सभी थाना क्षेत्रों और विशेष इकाइयों की मोबाइल क्रैक टीमों ने मोबाइल फोन तलाशने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान तकनीकी विश्लेषण, आधुनिक तकनीकी साधनों, तकनीकी निगरानी और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई खुफिया जानकारी का इस्तेमाल किया गया। अभियान की निगरानी सभी थाना प्रभारियों स्पेशल स्टाफ और एसीपी कनॉट प्लेस ने की।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार बरामद मोबाइल फोन में नॉर्थ एवेन्यू थाना क्षेत्र से 10, कर्तव्य पथ से 10, बाराखंभा रोड से छह, तुगलक रोड से तीन, मंदिर मार्ग से चार, तिलक मार्ग से दो, कनॉट प्लेस से दो, साउथ एवेन्यू से दो और संसद मार्ग से तीन मोबाइल फोन शामिल हैं। इस तरह कुल 42 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इनमें से नॉर्थ एवेन्यू थाना पुलिस ने 10, बाराखंभा रोड ने छह में से पांच, कर्तव्य पथ ने 10 में से चार, तिलक मार्ग ने दो में से एक, तुगलक रोड ने तीनों, कनॉट प्लेस ने दो में से एक, मंदिर मार्ग ने चार में से तीन, साउथ एवेन्यू ने दोनों और संसद मार्ग ने तीन में से एक मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंप दिया है। इस तरह कुल 30 मोबाइल फोन वापस किए जा चुके हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बाकी 12 मोबाइल फोन के संबंध में मालिकों की पहचान और स्वामित्व की पुष्टि की जा रही है। आवश्यक कानूनी व प्रक्रियात्मक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन्हें भी जल्द संबंधित लोगों को सौंपा जाएगा।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार मोबाइल फोन की बरामदगी और उन्हें वास्तविक मालिकों तक पहुंचाना तकनीक आधारित पुलिसिंग, प्रभावी शिकायत निवारण और नागरिक हित के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पुलिस के मुताबिक, इस तरह की पहल से लोगों की खोई संपत्ति वापस मिलने के साथ पुलिस सेवाओं के प्रति आम लोगों का भरोसा भी मजबूत होता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी