एनडीएमसी उपाध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी ने ईवी ऑटो में किया सफर

 




नई दिल्ली, 18 मई (हि.स.)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद मनोज तिवारी के साथ सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) ऑटो का उपयोग किया। साथ ही कहा कि एनडीएमसी क्षेत्र में कार पार्किंग में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोगकर्ताओं को पार्किंग शुल्क पर 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने चाणक्यपुरी स्थित अपने आधिकारिक आवास से इलेक्ट्रिक ऑटो में सवार होकर मदर टेरेसा क्रिसेंट से मनोज तिवारी को लिए और फिर सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन के लिए रवाना हुए। दोनों नेताओं ने पालिका बाजार पर यात्रियों से बातचीत की। उन्होंने दिल्ली मेट्रो के उन यात्रियों के प्रति आभार व्यक्त किया जिन्होंने सार्वजनिक परिवहन को अपने यात्रा के प्राथमिक साधन के रूप में अपनाया है।

सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने के लिए ईवी ऑटो का इस्तेमाल करने पर एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'राष्ट्र पहले, ईंधन बचाओ' का नारा दिया है, इसलिए आज मनोज तिवारी के साथ ऑटो पूल करके कनॉट प्लेस जाएंगे और मेट्रो का इस्तेमाल करेंगे।

उन्होंने बताया कि वह कई दिनों से मेट्रो और ऑटो में सफर कर रहे हैं इसलिए कोई गर्मी महसूस नहीं हो रही है। एनडीएमसी उन लोगों का भी अभिवादन करेगी जो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि एनडीएमसी अपनी खुद की बस शटल सेवा शुरू की है।

मनोज तिवारी ने कहा कि यह प्रधानमंत्री की पहल है और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हम इसे दिल्ली में लागू कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज से एनडीएमसी क्षेत्र में कार पार्किंग में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोगकर्ताओं को पार्किंग शुल्क पर 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इस नियम को लागू करने के लिए यहां आने के लिए, एक ऑटो पूल किया और मेट्रो का भी इस्तेमाल किया।

भाजपा सांसद मनाेज तिवारी ने कहा कि देशभक्ति यह है कि हम ईंधन का कम से कम इस्तेमाल करें। अगर डीजल और पेट्रोल की खपत कम करेंगे तो वैसे गर्मी भी कम होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी