एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने “विकसित भारत” विजन के तहत विकास कार्यों का किया शिलान्यास

 


नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स.)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने मंगलवार को चाणक्यपुरी स्थित विनय मार्ग क्षेत्र में 24 घंटे निरंतर स्वच्छ जल आपूर्ति परियोजना के प्रथम चरण के साथ भैरों मंदिर, नेहरू पार्क में सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का शिलान्यास किया।

विनय मार्ग क्षेत्र में 24 घंटे जल आपूर्ति परियोजना पर कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हर घर जल योजना के अंतर्गत प्रत्येक घर तक सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मौजूदा जल आपूर्ति प्रणाली के आधुनिकीकरण के लिए एनडीएमसी द्वारा विनय मार्ग जल बूस्टिंग स्टेशन के अंतर्गत 24 घंटे जल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु इस पायलट परियोजना को लागू किया जा रहा है। इस परियोजना के लिए एक परामर्शदाता सिफारिशों के आधार इस परियोजना को तैयार किया गया। उन्होंने कहा कि एनडीएमसी की जिम्मेदारी नागरिकों को उच्च गुणवत्ता की आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करना है।

चहल ने कहा कि परियोजना के अंतर्गत विनय मार्ग बूस्टिंग स्टेशन पर आधुनिक वीएफडी आधारित मोटर पंप सेट लगाए जाएंगे तथा जल आपूर्ति को बेहतर और निर्बाध बनाए रखने के लिए आवश्यक उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी आधारित उपकरण, ऑटोमेशन प्रणाली, डेटा विश्लेषण व्यवस्था तथा एससीएडीए प्रणाली का समावेश किया जाएगा, जिससे जल आपूर्ति की निगरानी अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बन सके। उन्होंने कहा कि जल पाइपलाइन नेटवर्क में आवश्यक विद्युत एवं यांत्रिक सुधार कार्य भी किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए 1.38 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है तथा इसे लगभग पांच माह की अवधि में पूर्ण किया जाएगा। विनय मार्ग क्षेत्र के लगभग 550 जल कनेक्शन इस परियोजना से लाभान्वित होंगे।

चहल ने आगे बताया कि एनडीएमसी द्वारा पूरे क्षेत्र में 24 घंटे जल आपूर्ति व्यवस्था लागू करने के लिए अध्ययन एवं डिजाइन तैयार करने हेतु परामर्शदाता की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। अगले एक माह में परामर्शदाता नियुक्त कर विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य जल हानि को कम करना, जल आपूर्ति प्रणाली को पूर्णतः स्वचालित बनाना तथा संबंधित क्षेत्र में 24 घंटे निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

चहल ने बताया कि एनडीएमसी द्वारा भैरों मंदिर, नेहरू पार्क, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली में क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे।

इन कार्यों के अंतर्गत प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण, रेलिंग का निर्माण, ट्री गार्ड का सौंदर्यीकरण, आरएमसी फुटपाथ का निर्माण तथा कुएं की लाल पत्थर से क्लैडिंग का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यों का उद्देश्य क्षेत्र की सुंदरता को बढ़ाना तथा श्रद्धालुओं और आगंतुकों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की कुल लागत लगभग 11 लाख रुपये है तथा इसे लगभग 5 माह की अवधि में पूर्ण किया जाएगा।

अंत में चहल ने कहा कि एनडीएमसी की टीम प्रधानमंत्री के “विकसित भारत” के विजन को साकार करने के लिए दिन-रात कार्य कर रही है तथा नागरिकों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर सिविल, हॉर्टिकल्चर एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी