विजय चौक पर ‘आशीर्वाद का दीया’, एनडीएमसी ने जलाए 1.25 लाख दीये

 




नई दिल्ली, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद् (एनडीएमसी) ने 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाते हुए नई दिल्ली के विजय चौक पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान कर्तव्य पथ से सेवा तीर्थ तक 1.25 लाख मिट्टी के दीये प्रज्ज्वलित किए गए।

‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज, एनडीएमसी अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, एनडीएमसी परिषद् सदस्य दिनेश प्रताप सिंह, एनडीएमसी सचिव राहुल सिंह सहित हजारों एनडीएमसी कर्मचारी, विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश के 140 करोड़ नागरिकों की निरंतर सेवा की है। उनके जन्मदिवस पर हम सभी भारतीय उनकी सेवाओं के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें केवल अपना आशीर्वाद दे सकते हैं। ऐसा आशीर्वाद, जिसमें उनकी दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर ऊर्जावान जीवन की कामना निहित है।

उन्होंने कहा कि सभी की यही कामना है कि प्रधानमंत्री जी स्वस्थ रहें और इसी प्रकार निरंतर देश की सेवा करते हुए भारत को विकसित भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ाते रहें तथा राष्ट्र निर्माण में हम सभी का मार्गदर्शन करते रहें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कर्तव्य पथ पर, सेवा तीर्थ के बाहर जिस प्रकार दिल्लीवासियों ने अपने घरों से ‘आशीर्वाद का एक दीया’ जलाया, वह प्रधानमंत्री जी के प्रति जनमानस के स्नेह, सम्मान और विश्वास की सुंदर अभिव्यक्ति है। उन्होंने दिल्ली की जनता का कोटि-कोटि धन्यवाद करते हुए कहा कि नागरिकों ने अपने आशीर्वाद के माध्यम से न केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शुभकामनाएं दी हैं, बल्कि निरंतर कार्य करने वाली सरकार और ऐसे नेतृत्व को भी अपना आशीर्वाद दिया है, जिसने बिना रुके और बिना थके देश की सेवा की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी को कोटि-कोटि नमन करता है। उन्होंने दिल्ली के प्रत्येक घर से जलाए गए ‘आशीर्वाद के दीये’ के लिए दिल्लीवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिवस विशेष महत्व रखता है, क्योंकि उनके सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण हुए हैं। इसी विशेष अवसर पर देशभर के लोग उन्हें अपनी शुभकामनाएं और शुभाशीष देने के लिए ‘आशीर्वाद का दिया’ जला रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह दीया देशवासियों के स्नेह, सम्मान और प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।

मल्होत्रा ने कहा कि वे प्रभु से प्रार्थना करते हैं कि प्रधानमंत्री जी को दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए ऊर्जा प्रदान करें, ताकि वे इसी समर्पण के साथ देश को विकसित भारत के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ाते रहें।

इस अवसर पर नई दिल्ली सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रधानमंत्री का आज मनाया जाने वाला जन्मदिन इस मायने में महत्वपूर्ण है क्योंकि इसी वर्ष उनके राष्ट्रीय सेवा में निरन्तर कार्य करते हुए उनको 25 वर्ष भी पूर्ण हो रहे है । उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन मां भारती के के लिए समर्पित किया हुआ है , उन्हें आज आशीर्वाद के दिए से देशवासी और खासकर दिल्लीवासी उनकी स्वस्थ, कर्मशील दीर्घायु की कामना करते हुए विजय चौक पर एकत्र हुए , उसके सभी का आभार है। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी के कार्यकाल में विजय चौक के चारों ओर जो नई संसद , सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवनों का निर्माण हुआ है , वह केवल इमारतों का ही निर्माण नहीं है अपितु विकसित भारत की ओर एक अग्रसर कदम है।

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद् के अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि सेवा दिवस के अवसर पर विजय चौक पर एक साथ सवा लाख दीयों का प्रज्ज्वलन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रतीक बना। इन दीपों की रोशनी ने सेवा के संकल्प को और मजबूत करते हुए देशवासियों को विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि इन दीयों को प्रज्ज्वलित करने के लिए एनडीएमसी के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य सहभागी सेवा भाव के साथ एकजुट हुए। यह सामूहिक प्रयास केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि कर्तव्य, सेवा और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस आयोजन से प्राप्त प्रेरणा के साथ एनडीएमसी के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ निर्वहन करेंगे तथा सामूहिक प्रयासों से एनडीएमसी क्षेत्र को और अधिक स्वच्छ, हरित, सुंदर, सुरक्षित और समृद्ध बनाने में योगदान देंगे।

इस अवसर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि, ‘आशीर्वाद का दिया’ केवल दीये जलाने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह उन लोगों की भावनाओं को व्यक्त करने का माध्यम है, जिन्हें अलग-अलग सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिला है।

चहल ने कहा कि कार्यक्रम में शामिल लाभार्थियों की अपनी-अपनी कहानियां हैं। किसी को रोजगार मिला है, किसी को स्वास्थ्य सुविधाओं और मेडिकल कार्ड का लाभ मिला है, तो कई लोग केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं। उनके लिए जलाया गया हर दिया खुशी, संतोष, आभार और शुभकामनाओं का प्रतीक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव