एनडीएमसी ने सांगली अपार्टमेंट्स को आठवीं “अनुपम कॉलोनी” किया घोषित
नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने सोमवार को दिल्ली स्थित कोपरनिकस मार्ग पर सांगली अपार्टमेंट्स में शिलापट्ट का अनावरण कर उसे 'अनुपम कॉलोनी' घोषित किया। यह सम्मान उत्कृष्ट अपशिष्ट प्रबंधन एवं सतत विकास संबंधी आदर्श कार्यप्रणालियों को अपनाने वाली एक मॉडल आवासीय कॉलोनी के रूप में सांगली अपार्टमेंट को प्रदान किया गया।
सांगली अपार्टमेंट्स को “अनुपम कॉलोनी” के रूप में प्रमाणित करते हुए शिलापट्ट का अनावरण करने के पश्चात पत्रकारों को संबोधित करते हुए एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा ने वहां के सभी निवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह कॉलोनी ‘अनुपम कॉलोनी’ के रूप में प्रमाणित होने वाली आठवीं कॉलोनी बनी है।
उन्होंने कहा कि यहां अपशिष्ट पृथक्करण के लिए पांच अलग डिब्बों की व्यवस्था की गई है, जिससे उत्पन्न होने वाले प्रत्येक प्रकार के कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया जा सके। सूखे कचरे का सूक्ष्म स्तर पर पृथक्करण कर रिसाइकल योग्य सामग्री जैसे कपड़े, खिलौने, गत्ता, प्लास्टिक एवं कांच को अलग किया जाता है, जिससे स्रोत स्तर पर ही कचरे में कमी आती है। इसके अतिरिक्त सैनिटरी अपशिष्ट, विशेष देखभाल अपशिष्ट, गीला कचरा, उद्यानिकी अपशिष्ट तथा ई-वेस्ट का भी पृथक्करण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब तभी संभव हो पाया है क्योंकि यहां के निवासी सक्रिय रूप से इसमें भागीदारी कर रहे हैं।
अध्यक्ष केशव चंद्रा ने कहा कि इसके अतिरिक्त एनडीएमसी ने चार और कूड़ेदान की व्यवस्था की है, जिनमें घरेलू खतरनाक अपशिष्ट एवं अन्य श्रेणियों के कचरे का संग्रहण ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एमएसडब्ल्यू) नियम के अनुरूप किया जाएगा।
केशव चंद्रा ने कॉलोनी के निवासियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी पड़ोस के निर्माण हेतु उनका समर्पण अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि सांगली अपार्टमेंट्स को “अनुपम कॉलोनी” का प्रमाण मिलना पर्यावरणीय सततता प्राप्त करने में सामूहिक जनभागीदारी की शक्ति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि एनडीएमसी जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन, संसाधन संरक्षण तथा नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। सांगली अपार्टमेंट्स के निवासियों ने यह सिद्ध किया है कि सतत विकास संबंधी व्यवहारों को दैनिक जीवन का सहज हिस्सा बनाया जा सकता है, जो दिल्ली एवं देशभर की अन्य आवासीय कॉलोनियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
केशव चंद्रा ने बताया कि सांगली अपार्टमेंट्स ने एक समग्र अपशिष्ट प्रबंधन तंत्र को सफलतापूर्वक लागू कर यह उपलब्धि प्राप्त की है, जिसमें सभी घरों द्वारा स्रोत स्तर पर 100 प्रतिशत अपशिष्ट पृथक्करण, घरेलू गीले कचरे का स्थानीय स्तर पर कम्पोस्टिंग के माध्यम से पुनः उपयोग, सूखे कचरे के पृथक्करण एवं वैज्ञानिक प्रबंधन हेतु मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ), पुनः उपयोग एवं सामुदायिक साझेदारी को प्रोत्साहित करने के लिए रिड्यूस, साइज, रिसाइकल (आरआरआर) केंद्र तथा “नेकी की दीवार” पहल, उद्यानिकी अपशिष्ट का स्थानीय स्तर पर कम्पोस्टिंग एवं वैज्ञानिक प्रसंस्करण तथा पर्यावरण जागरूकता एवं अपशिष्ट में कमी लाने संबंधी अभियानों में निवासियों की सक्रिय भागीदारी शामिल है।
कोपरनिकस मार्ग स्थित सांगली अपार्टमेंट्स के अध्यक्ष एयर कमोडोर उमेश पी. नगराले ने सांगली अपार्टमेंट्स को “अनुपम कॉलोनी” प्रमाण प्रदान करने के लिए एनडीएमसी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि रक्षा अधिकारियों की आवासीय कॉलोनियों में सांगली अपार्टमेंट कॉलोनी पहली कॉलोनी बनी है, जिसे एनडीएमसी ने “अनुपम कॉलोनी” का सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि कॉलोनी के निवासी सदैव स्वच्छता एवं हरियाली के उच्च मानकों को बनाए रखते आए हैं। उन्होंने दिल्ली में हरियाली एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने हेतु एनडीएमसी द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की भी सराहना की तथा इन पहलों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इसमें एनडीएमसी की मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी (एमओएच) डॉ. शकुंतला श्रीवास्तव, सांगली अपार्टमेंट्स के सचिव विंग कमांडर अमिताभ रंजन, एनडीएमसी के विभिन्न विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कर्मचारी तथा स्थानीय क्षेत्र की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
एनडीएमसी ने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों एवं नागरिकों से अपील की कि वे सतत अपशिष्ट प्रबंधन पहलों में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा स्वच्छ, हरित एवं सतत राजधानी के निर्माण के लक्ष्य को साकार करने में अपना योगदान दें।
उल्लेखनीय है कि सांगली अपार्टमेंट्स के शामिल होने के साथ अब तक एनडीएमसी कुल आठ आवासीय क्षेत्रों को “अनुपम कॉलोनी” के रूप में प्रमाणित कर चुका है। इनमें जून 2025 में चाणक्यपुरी (डी-1, डी-2 एवं सत्य सदन ऑफिसर्स फ्लैट्स), जुलाई 2025 में भारती नगर, वर्ष 2025 में आराधना (बर्मा शेल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी लिमिटेड), सितंबर 2025 में बापू धाम, अक्टूबर 2025 में न्यू मोती बाग, फरवरी 2026 में काका नगर, मई 2026 में जोर बाग तथा अब जून 2026 में सांगली अपार्टमेंट्स शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी