समतामूलक समाज के लिए राष्ट्रीय नागरिक पार्टी करेगी आंदोलन
नई दिल्ली, 15 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय नागरिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कुमार गौतम ने कहा कि पार्टी समतामूलक समाज की स्थापना और देश के सभी नागरिकों को समान राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान किसी व्यक्ति विशेष, धर्म या समुदाय को समर्पित नहीं है, बल्कि देश के नागरिकों को समर्पित है।
गौतम ने शनिवार को यहां पत्रकार वार्ता में कहा कि राष्ट्रीय नागरिक पार्टी की विचारधारा किसी व्यक्ति, धर्म या समुदाय पर आधारित नहीं है। पार्टी का लक्ष्य देश के नागरिकों को समता के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिनिधित्व दिलाना है।
उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन, विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका, पत्रकारिता, संवैधानिक संस्थानों तथा विकास के अन्य क्षेत्रों में 49 प्रतिशत महिलाओं, 49 प्रतिशत पुरुषों और 2 प्रतिशत किन्नर समाज को प्रतिनिधित्व देने के पक्ष में है। साथ ही किन्नर समाज के लोगों को पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी और अभिभावक एवं संरक्षक के रूप में सामाजिक न्याय देने की भी बात कही।
गौतम ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी इसी अनुपात के आधार पर उम्मीदवार उतारने का प्रयास करेगी। उनके अनुसार 543 लोकसभा सीटों में 261 सीटों पर महिला, 261 सीटों पर पुरुष और 11 सीटों पर किन्नर समाज से उम्मीदवार उतारने की योजना है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी