‘नमो यमुना रिवर सफारी’ का ट्रायल रन शुरू, मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण
नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली में ‘नमो यमुना रिवर सफारी' के ट्रायल रन शुरू हो गए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को सोनिया विहार से जगतपुर रूट का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई, सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व से पहले यह सेवा शुरू करने का लक्ष्य है। दिल्ली के लोग अपने परिवार के साथ मां यमुना के दर्शन कर सकें, क्रूज की सैर का आनंद लें और उन्हें राजधानी में ही पिकनिक मनाने के लिए एक नई जगह मिले। इससे दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय कारोबार बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। इस अवसर पर दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि आज ‘नमो यमुना रिवर सफारी' का ट्रायल शुरू हुआ और मुख्यमंत्री ने इसका निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ये केंद्र, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली सरकार और पर्यटन विभाग की साझा परियोजना है। यह 3.5 किलो मीटर की बोट राइड, आधे घंटे का अनुभव और रिवर फ्रंट पर म्यूजिकल फाउंटेन में मां यमुना की गाथा, वाटर स्पोर्ट्स, फूड पार्क, किड्स जोन, एंट्री 50 रुपये होगी। यह छठ से पहले जनता के लिए खुलेगी। पिछले साल की तरह इस बार भी यमुना घाटों पर भव्य छठ पूजा की तैयारी शुरू होगा गई है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव