समान वेतन का लाभ मिलने पर एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों ने स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा का किया अभिनंदन
नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत लगभग 4,400 एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों को समान वेतन का लाभ दिए जाने के निर्णय पर कर्मचारियों ने स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा का अभिनंदन किया। इस निर्णय को अपने हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए एमटीएस कर्मचारियों ने सत्या शर्मा का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर सत्या शर्मा ने कहा कि एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारी लंबे समय से निगम की जनस्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके कार्य एवं जिम्मेदारियों को देखते हुए समान वेतन का लाभ मिलना उनके अधिकारों और सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय था।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय से पात्र कर्मचारियों के वेतन में लगभग 10,000 रुपये प्रतिमाह तक की वृद्धि होगी तथा लगभग 4,400 कर्मचारी एवं उनके परिवार इससे लाभान्वित होंगे। समान वेतन मिलने से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे और अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
सत्या शर्मा ने कहा कि एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारी डेंगू, मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम सहित विभिन्न जनस्वास्थ्य गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उनकी सेवाएं सीधे तौर पर दिल्ली की जनता के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी हैं।
स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाना उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है। निगम कर्मचारियों को उनके कार्य एवं जिम्मेदारियों के अनुरूप उचित वेतन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली की जनस्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है और उन्हें विश्वास है कि वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ दिल्लीवासियों की सेवा करते रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी