होली पर दोपहर 2:30 बजे से चलेगी मेट्रो, सुबह सभी लाइनों पर सेवा रहेगी बंद

 


नई दिल्ली, 02 मार्च (हि.स.)। होली के अवसर पर 4 मार्च को दिल्ली मेट्रो सेवाओं के समय में बदलाव किया गया है। त्योहार के दिन सुबह से दोपहर 2:30 बजे तक सभी मेट्रो लाइनों पर ट्रेन सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। इसमें एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन भी शामिल है।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम की ओर से जारी बयान के अनुसार, 4 मार्च को सभी टर्मिनल स्टेशनों से मेट्रो सेवाएं दोपहर 2:30 बजे शुरू होंगी। इसके बाद ट्रेन संचालन सामान्य समयानुसार जारी रहेगा।

डीएमआरसी कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि होली के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाएं।

उल्लेखनीय है कि हर वर्ष होली के दिन सुबह के समय मेट्रो सेवाओं में बदलाव किया जाता है, ताकि त्योहार के दौरान सुरक्षा और संचालन व्यवस्था सुचारु रखी जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी